झारखंड सरकार ने राज्य की आंगनबाड़ी सेविकाओं और आंगनबाड़ी सहायिकाओं को दिवाली का तोहफा देते हुए उनका मानदेय बढ़ा कर क्रमश 5,900 रूपये और 2,950 रूपया प्रतिमाह कर दिया है। मुख्यमंत्री रघुवर दास की अध्यक्षता में सोमवार को यहां हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस सिलसिले में फैसला किया गया।
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि मंत्रिमंडल के आज के फैसले के बाद राज्य में आंगनबाड़ी केंद्र की सेविकाओं का मानदेय 4400 रुपये से बढ़ा कर 5900 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इसी तरह आंगनबाड़ी सहायिकाओं का मानदेय 2200 रुपये से बढ़ा कर 2950 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। लघु आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका, जिन्हें वर्तमान में 2950 रुपये भुगतान किया जाता है, उन्हें 4200 प्रतिमाह भुगतान किया जाएगा। सरकार ने फैसला किया है कि यह वृद्धि एक अक्टूबर 2018 से प्रभावी होगी।