झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन लोगों को शहीद का दर्जा देने की मांग की, जिनकी हाल ही में हुई नोटबंदी के कारण पैदा हुई समस्याओं के कारण जान चली गई। गुरुवार को विधानसभा में उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हैं। लेकिन सरकार के इस कदम के कारण कई लोगों की जान चली गई। इसलिए हम मांग करते हैं कि
इस कदम के कारण जान गंवाने वालों को शहीद का दर्जा दिया जाए।
सोरेन ने कहा कि नोटबंदी के कारण खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और किसानों को अधिक दिक्कतें हो रही है । उन्होंने कहा कि मरनेवाले को केवल शहीद ही नहीं बल्कि उनका शहीद जवानों की तरह सम्मान किया जाना चाहिए। क्योंकि इन लोगों ने देश के लिए अपनी जान गंवा दी।
उन्होंने कहा कि सुरक्षाकर्मियों की तरह ही इन्हें भी मुआवजा और अन्य सुविधाएं दी जानी चाहिए। सोरेन ने कहा कि नोटबंदी का कदम गलत तरीके से अमल में लाया गया है। झारखंड में नोटबंदी के बाद आर्थिक परेशानियों के चलते चार लोगों की मौत हो चुकी है।