भारत के पूर्वी राज्य झारखंड में लू और भीषण गर्मी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। अधिकांश जिलों में पारा 40 डिग्री के पार चला गया है। राजधानी रांची की बात करें तो यहां भी लू का कहर जारी है और बीते दो दिनों से पारा 40 डिग्री के पार जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में सोमवार को जहां उच्चतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं मंगलवार को तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था।
इन जिलों में भीषण गर्मी
डाल्टनगंज में मंगलवार को उच्चतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक था। जमशेदपुर का तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बोकारो, चाईबासा, गढ़वा और गिरिडीह में भी तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने कहा कि अगले कुछ दिनों में गर्म मौसम की स्थिति से राहत की संभावना नहीं है। झारखंड के उत्तर-पश्चिम, मध्य और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति जारी रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा कि रांची में 16 अप्रैल तक 40 डिग्री सेल्सियस और इससे अधिक तापमान जारी रह सकता है।
इस वजह से बढ़ी गर्मी
भारत के पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों से अप्रतिबंधित हवा के प्रवाह ने पूरे झारखंड में पारा स्तर को बढ़ा दिया है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पूर्वी झारखंड में 16 अप्रैल को बढ़ते तापमान से हल्की राहत मिलने की उम्मीद है। बढ़ते तापमान के साथ गर्मी से संबंधित बीमारियों के मरीजों की अस्पतालों में भीड़ बढ़ गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर का तापमान शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है, त्वचा में जलन और निर्जलीकरण का कारण बन सकता है।