झारखंड के प्रमुख औद्योगिक नगर जमशेदपुर से सटे आदित्यपुर में सोमवार शाम एक करोड़ मूल्य के सोने की लूट की घटना सामने आई है।
सोना लेकर ऋण देने वाली एक निजी फायनेंस कंपनी के दो सुरक्षागार्ड ने ही चार अन्य के साथ मिल कर एक करोड़ रूपये से अधिक मूल्य का सोना और 70 हजार रुपए की नकदी लूट ली।
पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत महथा ने आज बताया कि मुथुट फायनेंस कंपनी के स्थानीय कार्यालय में गार्ड के तौर पर काम करने वाले श्रीनिवास शर्मा और उसके भांजे रंजीत ने चार अन्य लुटेरों के साथ मिल कर हथियार के बल पर इस घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए।
पड़ोसी राज्य बिहार के औरंगाबाद के निवासी श्रीनिवास ने कंपनी के मैनेजर को मारपीट कर घायल भी कर दिया। शुरुआती जांच से पता चला है कि उसकी पहले से औरंगाबाद में लूट समेत अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्तता रही है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। लुटेरों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।