झारखंड के चाईबासा जिले में पुलिस ने बेटी की हत्या करने के आरोप में उसके पिता और दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। चाईबासा के एसपी आशुतोष शेखर ने सोमवार को बताया कि हमें सूचना मिली थी कि एक 20 वर्षीय लड़की नौ और 10 फरवरी की रात से गायब है। छानबीन में लड़की का फोन उसके घर से ही बरामद हुआ। जांच के दौरान 13 फरवरी को घर के पास के एक कुएं से लड़की का शव बरामद किया गया। जिसकी पहचान सादिया कौशर के रूप में की गई थी।
उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान परिजनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। लड़की के पिता मो. मुस्तफा अहमद सहित उनके दो बेटों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। एसपी ने बताया कि नौ फरवरी की रात में लड़की अपने पुरुष मित्र से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी, जो परिजनों को नागवार गुजरा। इससे नाराज परिजनों ने उसे मारा-पीटा, जिससे लड़की बेहोश हो गई। परिजनों को लगा कि उसकी मौत हो गई है। इसके बाद मुस्तफा और उनके दोनों बेटों मोहम्मद वकास व शाद ने मिलकर शरीर में ईंट बांधकर सादिया कौशर को घर के पास के कुएं में फेंक दिया।
पिता ने प्रेमी के खिलाफ दर्ज कराया झूठा केस
बेटी की हत्या करने बाद आरोपी पिता मुस्तफा ने पुलिस को गुमराह करने के लिए उसके प्रेमी के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या का केस दर्ज कराया था। साथ ही उसका परिवार प्रेमी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस पर लगातार दबाव भी बना रहा था, ताकि किसी तरह प्रेमी को फंसाया जा सके। पुलिस के मुताबिक, पिता और दोनों बेटे सुबह-शाम थाने पहुंच कर मामले में जानकारी भी लेते थे, जिससे किसी को शक न हो। तीन दिन बाद कुएं से शव बरामद होने के बाद जब पुलिस ने सभी पहलुओं से जांच की, तो मामले का खुलासा हो गया।