दिल्ली सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद नारी उत्पीड़न के विरोध में लगातार उठ रही आवाज के बीच झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड व थाना क्षेत्र के एक गांव में वहशी हत्यारों ने 16 वर्षीय युवती को उसके घर में घुसकर जिंदा जला दिया। घटना के बाद उत्तेजित ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़ लिया। हालांकि दो आरोपी फरार हो गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसको जलाया गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि घटना प्रेम प्रसंग का नतीजा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी। बहरहाल, मामले को लेकर राजनगर थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34, 448, 329, 307 व 302 के तहत प्राथमिकी दर्ज हो गई है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।
जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्षीय छात्रा को जिंदा जलाने की दिल दहला देने वाली घटना रविवार की रात लगभग 10.30 बजे घटी। ग्रामीणों के अनुसार रात में मोटरसाइकिल सवार तीन युवक छात्रा के घर पहुंचे। सभी मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद सो रहे छात्रा के पिता, दो छोटे भाई व एक छोटी बहन को हथियार दिखा कुछ बोलने पर जान से मारने की धमकी देते हुए घर से बाहर निकाल दिया।
इस बीच छात्रा की छोटी बहन ने भागकर गांव वालों को जानकारी दी। जब तक गांव वाले मौके पर पहुंचते, तब तक वहशी युवक छात्रा के शरीर पर पेट्रोल या केरोसिन तेल छिड़कर आग लगा चुके थे। इसके बाद युवक भाग निकले।
उधर, आग का शोला बनी छात्रा घर से बाहर निकल दौड़ी। तब तक गांव वाले वहां पहुंच चुके थे। किसी तरह आग बुझाकर ग्रामीण उसे तत्काल एमजीएम ले गए, मगर वहां उसकी मौत हो गई। इधर, ग्रामीणों ने घटना में संलिप्त एक युवक त्रिलोचन महतो को पकड़ लिया। जबकि दो अन्य आरोपी दीपू महतो व विदुर महतो भागने में सफल रहे। ग्रामीणों ने हत्यारों की मोटरसाइकिल रख ली। घटना के बाद ग्रामीण सोमवार को राजनगर थाने गए और अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार किए जाने की मांग की।