घटनास्थल पर पुलिस के साथ सीआईएसएफ के जवान भी मौजूद
झारखंड के धनबाद और आस पास के इलाकों में कोयला व्यवसाय और अपराध का रिश्ता जगजाहिर है। कोयला व्यवसाय में वर्चस्व को लेकर कोयलांचल में एक बार इलाके में हिंसक संघर्ष हुआ है। धनबाद के झरिया इलाके में सोमवार को एनटीएसटी लोडिंग प्वाइंट पर भूतनाथ देव पर जानलेवा हमला हुआ।
खबरों के मुताबिक झारखंड में धनबाद के नजदीक झरिया थाना क्षेत्र लोदना स्थित एनटीएसटी लोडिंग प्वाइंट पर कांग्रेस नेता भूतनाथ देव की एम्बेसडर कार का शीशा तोड़ा गया और तीन राउंड फायरिंग हुई। हमले में भूतनाथ देव चोटिल हो गए। कार चला रहे शख्स को भी हल्की चोटें आई हैं। इस हमले का आरोप जनता मजदूर संघ बच्चा गुट पर लग रहा है। इलाके में ताबड़तोड़ हुई फायरिंग से तनाव फैल गया।
यह भी पढ़ें: धनबादः खूनी संघर्ष में लाल हुआ कोयलांचल, AK-47 से पूर्व डिप्टी मेयर को मारी दर्जनों गोलियां
घटना की सूचना पाकर बड़ी संख्या में दोनों गुट के समर्थक मौका-ए-वारदात पर पहुंच गए। गोलीबारी की खबर फैलते फैलते भारी संख्या में लोग जमा होने लगे और जमकर नारेबाजी शुरू हो गई। जिसके बाद पुलिस और सीआईएसएफ के जवान भी मौके पर पहुंचे। इलाके में फैले तनाव को देखते हुए लोडिंग का काम रोक दिया गया है।
किसी अनहोनी की आशंका के मद्देनजर मौके पर पुलिस बल बड़ी संख्या में कैंप कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि भूतनाथ देव और बच्चा गुट में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर ये वारदात हुई है।