तीन दिनों के लिए झारखंड की यात्रा पर आए राजद प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के कमरे में आग लग गई है। आग के चलते किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि जब आग लगी थी उस समय लालू डाइनिंग हॉल में अखबार पढ़ रहे थे। हालांकि आग की सूचना मिलने के बाद आनन-फानन में बिजली का कनेक्शन काटा गया और लालू यादव को सुरक्षित जगह ले जाया गया। ताजा जानकारी के मुताबिक लालू के कमरे में दीवार पर टंगे पंखे में शॉट सर्किट के चलते आग लग गई थी।
राबड़ी ने फोन कर जाना हाल
आग लगने की सूचना मिलने के बाद लालू की पत्नी राबड़ी देवी ने उनका हाल समाचार जाना। बताया जा रहा है कि लापरवाही के लिए राबड़ी ने वहां मौजूद सेवादारों को फोन पर फटकार भी लगाई।
लालू तीन दिनों के लिए झारखंड आए हैं
लालू यादव कल ही बिहार से झारखंड आए हैं। उन्हें आठ जून को पलामू की अदालत में पेश होना है। उनपर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का आरोप है। यह मामला चुनाव प्रचार के दौरान सभास्थल पर बिना इजाजत के हेलीकॉप्टर उतारने का है। इस मामले में कोर्ट ने लालू को हाजिर होने के लिए आखिरी नोटिस दिया था।