झारखंड सीएम के करीबियों पर ईडी की छापेमारी।
- फोटो : Social Media
झारखंड में प्रवर्तन निदेशालय की टीमों ने सुबह-सुबह कई जगहों पर छापेमारी की। बताया गया है कि ईडी ने अवैध खनन मामले में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेताओं के करीबियों के ठिकानों पर छापे मारे हैं।
ईडी की एक टीम ने रांची में सीएम सोरेन के मीडिया सलाहकार अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू के आवास पर भी छापेमारी की। अभिषेक प्रसाद के घर के साथ ईडी की टीमें ने 12 अलग-अलग जगहों पर एक साथ छापा मारा। इसके अलावा साहेबगंज के डिप्टी कमिश्नर के आवास पर भी छापेमारी की गई। ईडी की टीम अभिषेक प्रसाद के आवास पर कई घंटों तक तलाशी के बाद बुधवार देर रात रवाना हो गई है।
झारखंड में राजधानी रांची के अलावा राजस्थान के एक परिसर में भी ईडी की टीम पहुंची। छापेमारी की कार्रवाई के दौरान ईडी अधिकारियों के साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों का एक सशस्त्र दल भी साथ में है।
क्या है अवैध खनन मामला?
ईडी 2022 से राज्य में कथित अवैध खनन से अर्जित आपराधिक आमदनी के 100 करोड़ रुपये के स्रोत की जांच कर रही है। मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच तब शुरू हुई जब ईडी ने जुलाई, 2022 में राज्य में अवैध खनन के मामले में सोरेन के राजनीतिक सहयोगी पंकज मिश्रा और उनके कथित सहयोगियों के परिसरों पर छापा मारा था। इसमें टोल प्लाजा निविदाओं के संचालन में कथित अनियमितताओं की जांच के तहत झारखंड के साहिबगंज, बरहेट, राजमहल, मिर्जा चौकी और बरहरवा में 19 स्थानों पर छापेमारी की गई।
ईडी ने कहा था कि जांच में मिले सबूतों में कई लोगों के बयान, डिजिटल सबूत और दस्तावेज शामिल किए गए हैं। इन सबूतों से पता चला कि आरोपियों से जब्त की गई धनराशि वन क्षेत्र सहित साहिबगंज क्षेत्र में बड़े पैमाने पर किए जा रहे अवैध खनन से प्राप्त की गई थी।