झारखंड प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार
अगर आपको फिल्म 'पद्मावती' अच्छी नहीं लगती या आप उसकी कहानी से सहमत नहीं हैं, तो आप फिल्म मत देखिए। लेकिन फिल्म के निर्देशक और कलाकारों को धमकी देना बंद कीजिए। इससे विदेशों में भारत की छवि खराब होती है। ये कहना है झारखंड प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार का।
डॉ. अजय कुमार ने ‘पद्मावती’ के निर्देशक संजय लीला भंसाली और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को शारीरिक नुकसान पहुंचाने वाले बयान को तालिबानी फरमान करार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी धमकियों से दुनिया में भारत की छवि खराब हो रही है।
यह भी पढ़ें: आईपीएस से राजनेता बने डॉ. अजय कुमार ने टाटानगर में किया था अपराधियों का सफाया
गौरतलब है कि देश के कई राज्यों में नेताओं और कुछ जातीय समूहों ने कथित तौर पर पद्मावती फिल्म के निर्देशक भंसाली और फिल्म की मुख्य अदाकारा दीपिका पादुकोण का सिर कलम करने पर एक करोड़ रुपये ईनाम देने का ऐलान किया है। फिल्म की कहानी और उसकी सत्यता को लेकर इतिहासकार भी एक मत नहीं हैं। ये विवाद अभी सुलझा नहीं है कि रानी पद्मावती का अस्तित्व था या नहीं।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने जमशेदपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, 'अगर आपको फिल्म पसंद नहीं, तो इसे मत देखिए. किसी को धमकाइए मत। फिल्म के कलाकार और निर्देशक को हिंसक धमकी देने से विदेश में देश की छवि खराब होती है।'
डॉ. कुमार ने कहा, 'हमने ऐसे बयान देखे और सुने हैं, जिससे यही संकेत मिलता है कि भारत तालिबान बन गया है।' पद्मावती फिल्म की रिलीज पर कुछ राज्यों द्वारा बैन लगाए जाने के सवाल पर कुमार ने कहा कि ये अधिकार केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) का है कि फिल्म रिलीज होगी या नहीं।