धनबाद के ढांगी गांव के पास शुक्रवार सुबह सुनसान इलाके में विवाहिता युवती का सिर कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई। धड़ से करीब 100 मीटर दूर खेत के पास प्लास्टिक की बोरी में युवती का कटा सिर मिला। घटनास्थल से पूजा-पाठ की सामग्री और लाल कपड़े मिलने के बाद नरबलि की अफवाहें भी फैलने लगी हैं। पढ़ें पूरी खबर
धनबाद जिले के ढांगी गांव के समीप खेरबड़िया के सुनसान इलाके में शुक्रवार सुबह एक विवाहिता युवती का सिर कटा शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका का सिर धड़ से लगभग 100 मीटर दूर एक खेत के पास प्लास्टिक की बोरी में बंद मिला। बीती रात अमावस्या होने और मौके से पूजा-पाठ की सामग्री मिलने के कारण इलाके में अंधविश्वास और नरबलि की अफवाहें तेजी से फैल रही हैं।
विज्ञापन
धड़ और सिर अगल-अलग मिले
शुक्रवार सुबह जब स्थानीय युवक किशोर कुमार महतो शौच के लिए गया तो उसने लहूलुहान अवस्था में धड़ देखा। भयभीत होकर उसने तुरंत गांव के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस से संपर्क किया। मौके पर पहुंचे बलियापुर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अशोक कुमार ने स्थिति का जायजा लिया।
घटनास्थल पर धड़ से मात्र दो-तीन मीटर दूर लाल कपड़ा और अगरबत्ती के टुकड़े बिखरे मिले। युवती के कटे हुए गले वाले स्थान पर मिट्टी का लेप लगाया गया था। इसके अलावा, जिस बोरी में कटा हुआ सिर रखा था, उससे पांच-छह मीटर दूर नया लाल शॉल और महिलाओं का एक गले का हार पड़ा हुआ मिला।
विज्ञापन
पुलिस ने रांची से बुलाई विशेष जांच टीम
पुलिस अधिकारियों ने साक्ष्यों की सुरक्षा के लिए मृतका के धड़, कटे सिर और लाल शॉल वाले स्थान को चूने से घेर दिया है ताकि कोई भी सबूत नष्ट न हो सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने रांची से विशेष जांच टीम और खोजी कुत्ते को जांच के लिए बुलाया है। शुरुआती अनुमान के अनुसार मृतका की आयु लगभग 25-26 वर्ष के बीच है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतका संभवतः करमाटांड़ स्थित बीसीसीएल कॉलोनी की रहने वाली थी। पुलिस की टीम सत्यापन के लिए करमाटांड़ कॉलोनी में छानबीन कर रही है।
जादू-टोने की आशंका से फैला डर
घटनास्थल पर मिले पूजा-पाठ के सामान और बीती रात अमावस्या होने से स्थानीय लोग इस हत्या को नरबलि और जादू-टोने से जोड़कर देख रहे हैं। कुछ ग्रामीणों का दावा है कि रास्ते के पास पड़ा लाल कपड़ा और हार बृहस्पतिवार को ही वहां देखा था। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से आगे की कार्रवाई शुरू करेगी।