राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे।
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा की वरिष्ठ नेता वसुंधरा राजे ने मंगलवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा एक बार फिर लोकसभा चुनाव में जबरदस्त जीत दर्ज करेगी। मंदिरों के शहर देवघर में एक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रचंड बहुमत के साथ पार्टी की जीत सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।
पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा एक राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसके मद्देनजर वसुंधरा राजे मंगलवार से शुरू हुई झारखंड की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान गोड्डा, गिरिडीह, दुमका और कोडरमा निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा करने वाली हैं।
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में किए गए विकास कार्यों की बदौलत भाजपा 2024 का लोकसभा चुनाव जीतेगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि झामुमो सरकार के तहत झारखंड में भ्रष्टाचार हावी हो गया है। भ्रष्ट झामुमो सरकार को उखाड़ फेंकने और विधानसभा चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर से सत्ता में लाने के लिए कार्यकर्ताओं को अतिरिक्त प्रयास करने की जरूरत है। झारखंड में विधानसभा चुनाव 2024 में होने हैं।