चीन के साथ-साथ दुनिया भर में कोरोनावायरस का कहर लगातार जारी है। चीन में कोरोनावायरस से ग्रस्त प्रांत से हाल में रांची और जमशेदपुर लौटे चार लोगों के नमूनों की जांच नेगेटिव आई है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को इसकी पुष्टि की। झारखंड के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बयान के अनुसार, रांची और जमशेदपुर में चीन से लौटे दो-दो लोगों के नमूने रांची के रिम्स, जमशेदपुर के एमजीएम और एनआईवी पुणे भेजे गये थे। जांच में सभी नमूने नेगेटिव आए हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक राज्य में चीन से कुल 19 लोग लौटे हैं जिनमें सबसे अधिक सात लोग गढ़वा जिले में वापस आए हैं। जांच के बाद सभी को 28 दिन तक अपने घर में अकेले रहने को कहा गया है। चीन में कोरोनावायरस से मरने वालों की संख्या 1000 के पार पहुंच गई है। इस वायरस से संक्रमित होने वाले मरीजों की संख्या अब तक 42,600 तक पहुंच गई है।