चतरा के कन्हाचट्टी प्रखंड क्षेत्र के पेलतौल गांव स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में सातवीं कक्षा के 14 वर्षीय छात्र रविकांत हेंब्रम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार सुबह अचानक छात्र की तबीयत बिगड़ने पर उसके मुंह से झाग और नाक से खून बहने लगा।
विद्यालय प्रबंधन ने तुरंत एंबुलेंस की व्यवस्था कर छात्र को इलाज के लिए चतरा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक छात्र गिरिडीह जिले के चोरनीतरी गांव के निवासी राजेश हेंब्रम का बेटा था और विद्यालय के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था।
हॉस्टल के कमरे में बिगड़ी तबीयत
रविकांत सोमवार रात रोजाना की तरह अपना गृहकार्य पूरा करने के बाद भोजन करके हॉस्टल के कमरे में सोने चला गया था। रात तक उसकी तबीयत बिल्कुल सामान्य थी। मंगलवार सुबह अचानक उसकी हालत बिगड़ने लगी।
विद्यालय के एक शिक्षक के अनुसार छात्र का चेहरा पीला पड़ गया था, वह ठीक से बोल नहीं पा रहा था और उसकी सांसें तेज चल रही थीं। कुछ ही देर में छात्र के मुंह से झाग निकलने लगा और नाक से खून बहने लगा। विद्यालय प्रबंधन ने छात्र की गंभीर हालत को देखते हुए उसे एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।
परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
घटना की सूचना गिरिडीह स्थित चोरनीतरी गांव पहुंची, मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव शोकमग्नहै। शोकाकुल परिजनों ने मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। परिजनों ने सवाल उठाया है कि हॉस्टल में रहने वाले स्वस्थ और भले-चंगे बच्चे की अचानक संदिग्ध हालात में मृत्यु कैसे हो गई, इसका सत्य सभी के सामने आना चाहिए।
ये भी पढ़ें- झारखंड: मरीज तड़पता रहा, ऑक्सीजन के लिए गिड़गिड़ाते रहे परिजन; कुछ देर बाद चली गई जान, अस्पताल में हुआ हंगामा
पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई आरंभ कर दी। पुलिस ने शव को अपने संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती दौर में छात्र की मौत की वास्तविक वजह का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।