आईईडी ब्लास्ट की सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : Demo Pic.
झारखंड के चाईबासा में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ का एक जवान घायल हो गया। हादसे में घायल हुए जवान को उपचार के लिए रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। झारखंड पुलिस की ओर से यह जानकारी दी गई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोइलकेरा थाना क्षेत्र के हाथीबुरू जंगल में सुरक्षा बल नक्सल विरोधी अभियान चला रहे थे, तभी माओवादियों द्वारा लगाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया। राज्य पुलिस के महानिरीक्षक अमोल वी होमकर ने कहा कि घायल जवान को रांची ले जाया गया। जहां उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुवार को इसी तरह के एक विस्फोट में सीआरपीएफ के तीन जवानों के घायल होने के बाद इलाके में 51 आईईडी मिले थे।
झारखंड कांग्रेस से निलंबित विधायक नकदी बरामदगी मामले में ईडी के समक्ष हुए पेश
पिछले साल 30 जुलाई को कांग्रेस से निलंबित विधायक राजेश कच्छप और पार्टी के दो अन्य विधायकों से 49 लाख रुपये नकद जब्त किए गए थे। इस मामले में मंगलवार को राजेश कच्छप जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पेश हुए। ईडी के एक अधिकारी ने कहा कि वह एजेंसी के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे और उनसे पूछताछ की जा रही है। कच्छप ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम का हवाला देते हुए 16 जनवरी को एजेंसी के समक्ष पेश होने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा था। पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के पंचला में राष्ट्रीय राजमार्ग से कच्छप और दो अन्य निलंबित कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी एवं नमन बिक्सल को गिरफ्तार किया गया था और कार में लगभग 49 लाख रुपये नकद मिले थे। इसके बाद उन्हें पार्टी ने निलंबित कर दिया था।