चाईबासा आईईडी ब्लास्ट मामले घायल हुए दो जवानों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है
- फोटो : अमर उजाला
अति उग्रवाद प्रभावित चाईबासा जिले के सारंडा जंगल में शुक्रवार सुबह नक्सलियों द्वारा बिछाए गए आईईडी बम के विस्फोट में कोबरा बटालियन के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सारंडा जंगल-दीघा क्षेत्र की है, जहां सुरक्षा बल लंबे समय से नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान चला रहे हैं। घायल जवानों को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, इसके बाद उन्हें एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया। वर्तमान में दोनों का इलाज रांची के राज अस्पताल में चल रहा है, जिनमें से एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- Jhakhand News: चाईबासा में IED विस्फोट में सीआरपीएफ के दो जवान घायल, एयरलिफ्ट कर रांची लाया जा रहा
घटना के वक्त एलआरपी पर थे जवान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10:40 बजे 209 कोबरा बटालियन के जवान एलआरपी (लॉन्ग रेंज पेट्रोलिंग) पर निकले थे। जैसे ही जवान सारंडा जंगल के बीहड़ दीघा के पास हिंदू कुली इलाके में पहुंचे, आईईडी धमाका हो गया। धमाके की चपेट में आकर राम प्रवेश सिंह और छोटू कश्यप नामक दो जवान घायल हो गए।
सारंडा में लगातार अभियान, फिर भी नक्सलियों की चुनौती बरकरार
सारंडा जंगल में पिछले कई महीनों से सुरक्षा बलों द्वारा बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, जिससे नक्सलियों के कई ठिकाने ध्वस्त किए गए हैं और कई हथियार बरामद हुए हैं। इसके बावजूद नक्सली समय-समय पर इस तरह की घटनाओं को अंजाम देकर अपनी मौजूदगी का संकेत दे रहे हैं। शुक्रवार की यह घटना भी इसी सिलसिले का हिस्सा मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें- Jhakhand News: ‘बाबा’ के निधन के बाद CM हेमंत सोरेन रामगढ़ से चला रहे शासन का काम, अधिकारियों को दिए निर्देश
बेहतर इलाज के लिए रांची एयरलिफ्ट
घटना के बाद दोनों घायल जवानों को तुरंत जंगल से निकालकर स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया। राज अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज जारी है, जबकि एक जवान की हालत चिंताजनक बनी हुई है।