पूरे देश में प्याज की कीमतों को लेकर हाहाकार मचा है। झारखंड के बीजेपी नेता तो प्याज खरीदने के लिए बैंक से लोन लेने की संभावनाएं तलाश रहे हैं।
बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस की अगुवाई वाली केंद्र सरकार का मखौल उड़ाने का एक नया तरीका ढ़ूंढ निकाला है। रांची में बीजेपी के कुछ नेताओं ने एक सरकारी बैंक से प्याज खरीदने के लिए लोन की अर्जी दी है।
स्थानीय बाजार में प्याज की कीमत 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। जिसके बाद नेताओं ने विरोध का एक नया और अनोखा तरीका निकाला। बीजेपी नेताओं ने शहर के एलबर्ट एक्का चौक स्थित यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया में जाकर प्याज खरीदने के लिए लोन की पूछताछ की।
प्याज के लिए 10 हजार का पर्सनल लोन
बीजेपी नेता सुशील कुमार दुबे ने मखौल उड़ाने वाले लहजे में कहा कि मैं जितना कमाता हूं, उससे संभव नहीं है कि मैं प्याज और सब्जियां खरीद पाऊं। उन्होंने कहा कि कीमतें आसमान को छू रही हैं।
बैंक अधिकारियों ने नेताओं को 10 हजार रुपए पर्सनल लोन के रूप में लेने के लिए सभी को फॉर्म दिए। दुबे ने अपने अन्य कागजातों के साथ फॉर्म भरकर बैंक में जमा भी कर दिए। एक अन्य बीजेपी नेता, राकेश शर्मा ने बताया कि बैंक मैनेजर ने हमें भरोसा दिलाया है कि जरूरी कार्रवाई के बाद वह लोन की राशि मुहैया कराएंगे। शर्मा ने बताया कि 'प्याज लोन' जैसी कोई चीज बैंक में नहीं थी इसलिए उन्होंने हमें पर्सनल लोन लेने को कहा।
राज्य बीजेपी प्रवक्ता गामा सिंह ने कहा कि कुछ नेताओं के पास लोन लेने के लिए जरूरी कागजात नहीं थे इस कारण वह लोन का फॉर्म नहीं भर सके। उन्होंने बताया कि वह नेता जरूरी कागजात के साथ जल्दी ही फॉर्म भर देंगे।
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया और कहा कि प्याज की बढ़ी कीमतें आश्चर्य करने वाली हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का बाजार से नियंत्रण समाप्त हो गया है।