वित्तीय मंत्री पी. चिदंबरम ने आज संसद में वित्तीय वर्ष 2013-14 का आम बजट प्रस्तुत किया। बजट में रांची में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ बायोटेक्नोलॉजी की स्थापना करने की घोषणा की गई।
इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति उपयोजना के लिये 41,561 करोड़ रूपये और जनजातीय उप-योजना के लिये 24,598 रूपये आवंटित किये गये हैं। साथ ही 5,284 करोड़ रुपये अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछडे वर्ग, महिलाओं और अल्पसंख्यकों को छात्रवृत्ति के लिए दिये जायेंगे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हेल्थ मिशन और ग्रामीण मिशन के लिए 21 हजार करोड़ रुपये दिये जायेंगे। आदिवासी कल्याण के लिए 25000 करोड़ दिये जायेंगे। चिदंबरम ने कहा कि कृषि क्षेत्र लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। 250 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन की उम्मीद है। कृषि मंत्रालय को 27,049 करोड रुपये आवंटित किये गये हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए ऋण माफी योजना जारी रहेगी।
इस अवसर पर चिंदबरम ने कहा कि खर्चों में कटौती के अलावा हमारे पास और कोई उपाय नहीं है। महिलाओं और बच्चों के लिए 200 करोड़ रुपये दिये जायेंगे। उन्होंने अपने बजट भाषण में कहा कि 8 प्रतिशत विकास दर को प्राप्त करना हमारा लक्ष्य है।