झारखंड के धनबाद में पिछले कई दिनों से लोकल ट्रेन के रद्द होने से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को हावड़ा-नई दिल्ली रेल लाइन को जाम कर दिया, लोग काफी देर तक ट्रेन रोककर प्रदर्शन करते रहे। जिस कारण कई ट्रेनें प्रभावित रहीं। दरअसल, आसनसोल-वाराणसी मेमू ट्रेन कई दिनों से रद्द है, जिस कारण लोगों का धैर्य जबाव दे गया और वह रेल पटरियों पर उतर आए।
प्रधानखंता रेलवे स्टेशन पर सुबह 8.15 बजे से 9.15 बजे तक सैकड़ों ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक पर धरना दिया और बरकाना-आसनसोल मेमू को रोक दिया। उन्होंने बताया कि ट्रेनों को रोके जाने के कारण गोमोह आसनसोल मेमू और हावड़ा-रांची शताब्दी एक्सप्रेस भी प्रभावित हुई।
वैकल्पिक व्यवस्था करने का दिया आश्वासन
अधिकारियों के मुताबिक, धनबाद से गया रेल मार्ग के कोडरमा स्टेशन पर इंटरलाकिंग का काम चल रहा है। इस कारण कुछ ट्रेंनें रद्द कर दी गई हैं। वहीं रेल ट्रैक ब्लॉक होने की सूचना मिलने पर धनबाद रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी प्रधानखंता स्टेशन पहुंचे और आंदोलनकारियों को शांत किया और आसनसोन-वाराणसी मेमू को रद्द करने के खिलाफ वैकल्पिक व्यवस्था करने का आश्वासन दिया।
दिहाड़ी मजदूरों को काफी परेशानी हो रही है
धनबाद रेल मंडल के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी पीके मिश्रा ने कहा कि ग्रामीणों ने सुबह 15 से 20 मिनट तक ट्रैक को जाम कर दिया था, लेकिन उनसे बात करके जल्द ही ट्रेनों की आवाजाही शुरू करा दी। प्रधानखंता पंचायत मुखिया (प्रधान) कन्हाई बनर्जी ने कहा कि आसनसोल-वाराणसी मेमू रद्द होने के कारण दिहाड़ी मजदूरों को अपनी रोजी-रोटी कमाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है, उनको काफी परेशानी हो रही है।