झारखंड में एक प्रमुख समस्या बने नक्सलवाद के खिलाफ गुरुवार को सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली। सुरक्षा बलों ने एक इनामी और कुख्यात नक्सली को मार गिराया और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया।
झारखंड के गुमला में गुरुवार को नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक 15 लाख रुपये का इनामी नक्सली मारा गया। झारखंड पुलिस ने बताया कि एक एके-47 रायफल, भारी मात्रा में गोला-बारूद और आईईडी डेटोनेटर बरामद किए गए हैं।
विज्ञापन
इस पूरे मामले को लेकर गुमला के पुलिस अधीक्षक एचपी जनार्दन ने बताया कि गुमला जिले के सदर थाना क्षेत्र में कोचागानी के जंगलों में गुरुवार की सुबह नक्सलियों के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने 15 लाख रुपये के ईनामी नक्सली बुद्धेश्वर उरांव को मार गिराया।
उन्होंने कहा कि गुमला सदर थाना क्षेत्र के कोचागानी जंगल में आज सुबह लगभग साढ़े आठ बजे पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने इस खूंखार नक्सली को मार गिराया। जनार्दन ने कहा कि मारा गया नक्सली बुद्धेश्वर उरांव है जिस पर सरकार ने 15 लाख रुपये का ईनाम रखा था। यह पुलिस के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है क्योंकि इसी के संरक्षण में क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधियां चल रही थीं।