बडगाम। यूसमर्ग को अगले गुलमर्ग के रूप में विकसित किया जाएगा। यह कहना है जम्मू-कश्मीर के विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर का। उन्होंने कहा कि यूसमर्ग की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को देखते हुए इसे विकसित किया जाएगा, ताकि यह क्षेत्र पर्यटक आकर्षण का केंद्र बन सके। उन्होंने शनिवार को बडगाम के नागबल में 1.88 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का उद्घाटन किया। इस स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है।
उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार का लक्ष्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाओं को सभी के लिए सुलभ बनाना है और यूसमर्ग जैसी प्राकृतिक स्थलों के विकास से पर्यटन क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा। इस पहल के जरिए न केवल क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि स्थानीय लोगों के जीवनस्तर में भी सुधार आएगा।