निखल पर पंजाब में एक निजी विश्वविद्यालय के खिलाफ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने का है आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को हाईकोर्ट के बाहर जम्मू के यूट्यूबर निखल सिंह जराल को पकड़ लिया। पुलिस उसे ले ही जा रही थी कि इसकी भनक परिवार और अन्य युवाओं को लग गई। इसके बाद पंजाब पुलिस को विजयपुर पुलिस स्टेशन के पास रोक लिया गया। विजयपुर पुलिस स्टेशन में कई युवा पहुंच गए, जिन्होंने कहा कि निखल को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है।
दरअसल, निखल पर पंजाब के सतनामपुरा पुलिस स्टेशन में 295 ए, 153 और 153 ए के तहत मामला दर्ज है। यह सभी धाराएं किसी जाति, धर्म और स्थान पर टिप्पणी को लेकर हैं। बता दें कि निखल ने पंजाब में एक निजी विश्वविद्यालय के खिलाफ एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दी थी। इसके बाद विवि प्रशासन की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई। निखल को एक नोटिस जारी कर 16 मार्च को पुलिस के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया। लेकिन इसके पहले ही निखल ने जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट से जमानत ले ली। निखल को एक हफ्ते की जमानत देते हुए ऐसे किसी भी तरह के नोटिस पर रोक लगा दी गई। हालांकि निखल को 50 हजार रुपये बांड पर जमानत दी गई। साथ ही यह भी कहा कि वह जांच अधिकारियों को जांच में सहयोग करेगा।