शहर के गुज्जर नगर इलाके में फिल्मी स्टाइल में पुलिस कर्मी ने अपने साथी के साथ मिलकर अन्य युवक को मारने की कोशिश की। सरेआम हाथों में रिवाल्वर और पिस्टल लेकर युवक के पीछे लग गए। युवक भागता हुआ पुलिस के पास पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हथियारों के साथ दबोचना चाहा तो पुलिस पर भी रिवाल्वर तान दी। हालांकि कोई फायर नहीं किया।
करीब आधे घंटे की दौड़-धूप के बाद आखिर पुलिस ने इन्हें दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी पुलिस कर्मी को सस्पेंड कर दिया है। मामले की वजह पैसों के लेन-देन को बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार गुज्जर नगर इलाके में दोपहर को पीर मिट्ठा के इंस्पेक्टर जावेद मलिक और गुज्जर नगर चौकी प्रभारी मोहम्मद राशिद ने नाका लगा रखा था।
तब अचानक एक युवक हांफता हुआ उनके पास आकर रुका और बताया कि दो अन्य युवक उसके पीछे हथियार लेकर उसे मारने आ रहे हैं। इस पर अधिकारियों ने युवक के कहने पर दोनों का पीछा किया और उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने चिन्नौर में तैनात पुलिस के वायरलेस आपरेटर जानीपुर के रहने वाले जहांगीर और उसके साथी शक्ति नगर के रहने वाले मुन्ना को पकड़ लिया।
इनके पास से एक पिस्टल और एक रिवाल्वर 35 राउंड के सहित पकड़ी गई। दोनों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह गुज्जर नगर के रहने वाले रियाज अहमद को मारने के लिए आए थे। रियाज से उनका पुराना पैसों का लेन-देन है। एसएचओ जावेद मलिक ने बताया कि दोनों के खिलाफ 307 और 341 और आर्म्ड एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
दोनों से पूछताछ की जा रही है। वायरलेस आपरेटर से रिवाल्वर और मुन्ना से पिस्टल बरामद की है। दोनों के पास से इन हथियारों का कोई लाइसेंस भी नहीं है। बताया जा रहा है कि दोनों हथियार विदेशी हैं और चीन निर्मित हैं।