मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के पखरपोरा गांव में वीरवार को हुई मुठभेड़ के दौरान मारे गए एक आतंकी की राइफल लेकर एक युवक फरार हो गया है। हालांकि, पुलिस ने इस घटना पर कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन युवक की धरपकड़ के लिए पुलवामा जिले के करीमाबाद, वहीबग, रिसीपोरा, चेवा के अलावा अन्य कई इलाकों में छापेमारी की।
पखरपोरा के फुतिल्पोरा गांव में वीरवार को जैश के आतंकियों के मारे जाने के बाद जब सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया तो साथ के पुलवामा जिले के कई इलाकों से काफी संख्या में युवाओं ने मुठभेड़ स्थल पर पहुंचकर सुरक्षाबलों पर पथराव किया।
इस बीच अभियान स्थगित किए जाने पर मुठभेड़ स्थल पर पहुंचे लोगों में से एक युवक को मलबे के नीचे से एके-47 राइफल मिली। सूत्रों के अनुसार यह युवक एक शहीद पुलिस कांस्टेबल का बेटा है जो राइफल मिलने के बाद से गायब है।