आरोपियों ने मृतक के भाई से बताई थी बेहोश होने की बात :
परिजन की शिकायत पर जब पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो बताया कि साहिल नशे का आदी था और घटना के समय वे उसके साथ थे। पूछताछ के यह भी बताया कि सिरिंज से नशा करते समय साहिल बेहोश हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आरोपियों ने आगे बताया कि उन्होंने मृतक के भाई गोविंद को घटना की सूचना दी थी। इसके बाद गोविंद मृतक की पत्नी के साथ मौके पर पहुंचा और शव को चिकित्सा-कानूनी औपचारिकताओं के लिए जीएमसी जम्मू ले गया।
परिवार का आरोप जमीन के विवाद में की साहिल की हत्या
साहिल कुमार (26) के परिवार ने जमीनी विवाद के चलते हत्या करने का आरोप लगाया है। जीएमसी जम्मू के शवगृह में पहुंचे साहिल के भाई गोविंद कुमार ने बताया कि उसके शरीर पर चोट के निशान थे। चेहरे और सीने पर खून लगा था। ऐसा लग रहा था कि उसके साथ मारपीट हुई है।
आरोप लगाया कि किसी भारी वस्तु से साहिल को मारा गया है। बताया कि गांव में पड़ोसी से जमीन का विवाद है। वर्ष 2016 में विवाद हुआ था। तब पिता पर तेजधार हथियार से हमला किया गया था। उस समय कानाचक पुलिस में शिकायत दी थी। आरोप लगाया कि उन्हीं लोगों ने साहिल को मारा है। गोविंद ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब पांच बजे पड़ोस में दो युवकों ने साहिल को अपने साथ चलने के लिए कहा था। इसके बाद वह घर नहीं लाैटा।
रात दो बजे पुलिस से सूचना मिली कि साहिल का शव रिंग रोड के पास झाड़ियाें में पड़ा है। गोविंद ने बताया कि अगर पुलिस ने 2016 के मामले में सख्त कार्रवाई की होती तो शायद यह नहीं होता। आरोपी जमीन और संपत्ति की खरीद-फरोख्त का काम करता है। कई बार उसने जमीन उसके नाम करने की धमकी दी है।