सीमा पर गश्त करते सेना के जवान
- फोटो : File Photo
सीमा पर नजर चौकस रखने के लिए युवा कमेटियों का गठन नए सिरे से किया जा रहा है। पुलिस सीमावर्ती क्षेत्रों के ग्रामीण युवाओं की करीब पचास कमेटियों का गठन करेगी। कमेटियां ग्रामीण सुरक्षा समितियों के अलावा सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी।
पुलिस ने आम जनता से बेहतर समन्वय बनाने के लिए पुलिस-पब्लिक मीट बढ़ाने की तैयारी की है। जम्मू-कठुआ हाईवे पर विशेष तौर पर सभी थानों को पुलिस पब्लिक मीट करने के आदेश दिए हैं। डीआईजी जम्मू-कठुआ अशकूर वानी ने इसी अभियान के तहत एक दर्जन पुलिस-पब्लिक बैठकों का आयोजन किया।
बैठकों के दौरान कुछ पुराने गणमान्य लोगों को भी सहयोग करने की अपील की। जम्मू में भी पुलिस गण्यमान्य लोगों की पुरानी सूची में बदलाव करेगी। पुरानी सूची पुरानी हो चुकी है। इसमें कई वरिष्ठ नागरिकों का देहांत भी हो चुका है। उन नागरिकों की जगह नए वरिष्ठ नागरिकों को सूची में शामिल किया जाएगा।
पुलिस सीमा के एक किलोमीटर के अंदर तक इन युवा समितियों का गठन करेगी। पुलिस के अनुसार पुरानी कमेटियों के अधिकतर युवा इधर-उधर कामकाज के सिलसिले मेें कहीं चले गए हैं, जिसके कारण कमेटियां सक्रिय नहीं रही थीं।
नए युवाओं को शामिल करके उन्हें दोबारा सक्रिय किया जा रहा है, ताकि घुसपैठ, संदिग्ध, गतिविधियां, स्लीपर सैल आदि की सूचना तुरंत पुलिस को मिल सके और कार्रवाई की जा सके।