जम्मू। सरकारी महिला कालेज के गांधीनगर स्थित परिसर में सोमवार को युवाओं का तांता लगा था। वे अपने शैक्षिक दस्तावेजों की फाइल हाथ में थामे एक अच्छी नौकरी की तलाश में यहां पहुंचे। 510 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया और 270 की किस्मत खुली। उन्हें नौकरी की पेशकश हुई।
नौकरी पाने वालों में तकनीकी, गैर-तकनीकी और सेवा समेत कई क्षेत्रों के उम्मीदवार शामिल थे। रोजगार मेले का आयोजन क्लस्टर विश्वविद्यालय जम्मू और देशभगत विश्वविद्यालय पंजाब की ओर से किया गया था।
नौकरी के लिए चुने गए युवाओं को मुख्य अतिथि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने ऑफर लेटर सौंपे। युवाओं को रोजगार की दिशा में विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि जल्द ही जम्मू और कठुआ में और अधिक रोजगार सृजित होंगे। इससे पूर्व अतिरिक्त मुख्य सचिव शांतमनु ने रोजगार मेले में आईं नियोक्ता कंपनियों के प्रतिनिधियों से बात की।
क्लस्टर विश्वविद्यालय जम्मू के वीसी प्रो. केएस चंद्रशेखर ने कहा कि विश्वविद्यालय आगे भी छात्रों के लिए करियर और रोजगार के अवसर सृजित करने की कोशिश करेगा।
देशभगत विश्वविद्यालय के चेयरमैन डॉ. संदीप सिंह ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने में संस्थानों के सहयोग से ही बात बनेगी।
क्लस्टर विश्वविद्यालय जम्मू के प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. डीएस मन्हास ने कहा कि नियोक्ताओं और नौकरी चाहने वालों के बीच सार्थक संवाद के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रविका अरोड़ा ने किया।
50 कंपनियां पहुंची थी यहां
मेले को लेकर युवाओं में खासा उत्साह दिखा। इसमें देश की करीब 50 कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए थे। यहां रजिस्ट्रेशन के लिए युवाओं में होड़ लगी रही। भटिंडी से आए जफर-उल-इस्लाम ने बताया कि वे पहली बार किसी जॉब फेयर में आए हैं। उन्होंने इस मेले के जरिए रोजगार मिल जाने की उम्मीद जताई। वर्तमान में एसबीआई कार्ड में काम कर रहे जफर-उल-इस्लाम का कहना था कि उन्होंने पीजी की डिग्री ली हुई है। बेहतर रोजगार के अवसर की तलाश उन्हें इस मेले में खींच लाई है।
यह बोले युवा
मेले में आरएसपुरा के गगनदीप सिंह भी पहुंचे थे। ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल गगनदीप ने बताया कि उनके सामने पहली बार इस तरह का रोजगार मेला लग रहा है। उन्होंने इस मेले से बहुत उम्मीद जताई। गंग्याल से आए पीयूष को भी रोजगार मेले से बहुत उम्मीद थी। उन्होंने बताया कि वे साइंस कालेज से बीएससी की डिग्री कर रहे हैं। उन्होंने सभी को नौकरी के समान अवसर मिलने की बात दोहराई।