शिवखोड़ी में गुफा के बाहर दर्शनों के लिए कतार लगा कर खडी क्ष्रद्घालूओं की भीड़।
- फोटो : REASI
रियासी। प्राकृतिक गुफा के बाहर सोमवार को हुए हादसे में दो भक्तों की मौत के बाद मंगलवार को श्री शिवखोड़ी धाम में भगवान शिव के दर्शन के लिए श्रद्धालु बेखौफ पहुंचे। इस दौरान श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर गुफा में प्रवेश किया व शिव महिमा का गुणगान किया।
हादसे के बाद श्री शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड ने प्राचीन गुफा की तरफ जाने वाले सीढ़ियों वाले रास्ते को बंद कर दिया। साथ ही सभी भक्तों को बनाए गए यात्री भवन से गुजरकर नई गुफा की तरफ जाने की अनुमति दी गई। इसके बाद श्रद्धालु गुफा में पहुंचे। मंगलवार को बोर्ड ने पूरी तरह सतर्कता बरती। मौके पर ज्यादा भीड़ भी इकट्ठा नहीं होने दी। दर्शन के बाद भक्तों को आधार शिविर रनसू जाने को कहा गया।
भक्त सुशेन दुबे ने बताया कि भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था रखने वाले श्रद्धालुओं के चेहरों पर जरा भी डर नहीं था। बम बम भोले के जयघोष करते हुए श्रद्धालुओं ने गुफा में प्राकृतिक शिवलिंग के दर्शन किए। जम्मू निवासी मस्तराम ने बताया कि उन्हें सोमवार शाम को घटना के बारे में पता चल गया था। इससे पहले उन्होंने शिवखोड़ी में आने का मन बना लिया था। फिर बिना खौफ के वह मंगलवार को दर्शन के लिए पहुंचे। वहीं, दोपहर को हुई तेज बारिश भी भक्तों के हौसले डगमगा नहीं सकी।