- सुंब से 14 किलोमीटर दूर सांबा जाने के लिए मजबूर लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। पहाड़ी क्षेत्र सुंब के प्राइमरी हेल्थ सेंटर (पीएचसी) में एक्स-रे मशीन न होने से क्षेत्र के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हड्डी से जुड़ी जांच या किसी भी प्रकार के एक्स-रे के लिए मरीजों को 14 किलोमीटर दूर सांबा अस्पताल जाना पड़ता है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और दुर्घटना में घायल मरीजों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुंब और आसपास के कई गांवों के लोग इलाज के लिए इसी स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर हैं। एक्स-रे जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव में मरीजों को लंबा सफर तय करना पड़ता है। कई बार घायल मरीजों को तुरंत जांच की जरूरत होती है लेकिन सुविधा न होने से इलाज में देरी हो जाती है।
स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि अगर किसी को हड्डी में चोट लग जाए तो तुरंत एक्स-रे जरूरी होता है लेकिन यहां मशीन न होने से मरीजों को सांबा ले जाना पड़ता है। इससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है।
गांव निवासी सुनीता देवी ने बताया कि बुजुर्गों और महिलाओं के लिए 14 किलोमीटर दूर जाना बहुत मुश्किल होता है। कई बार वाहन की भी समस्या रहती है जिससे मरीजों को और परेशानी झेलनी पड़ती है।
-
फिलहाल पीएचसी सुंब में एक्स-रे मशीन स्थापित करने की व्यावहारिकता नहीं है। मशीन को संचालित करने के लिए तकनीकी स्टाफ की भी कमी है। लोगों की सुविधा के लिए मोबाइल एक्स-रे यूनिट के माध्यम से सप्ताह में एक बार सभी दूरदराज क्षेत्रों में शिविर लगाकर सुविधा दी जाती है। जब पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध हो जाएगा तब पीएचसी में भी स्थायी एक्स-रे सुविधा देने पर विचार किया जा सकता है।
-डॉ. ऋचा अरोड़ा, बीएमओ, सांबा