जम्मू। वुशु एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से ऑनलाइन वार्षिक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें सभी राज्य इकाइयों को वर्ष 2020 के लिए घरेलू गतिविधियों को प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। इस दौरान कहा कि जम्मू-कश्मीर वुशू एसोसिएशन मई के दूसरे सप्ताह में ऑनलाइन जम्मू-कश्मीर यूटी वुशू चैम्पियनशिप का आयोजन करेगा। हालांकि प्रदेश में 2जी इंटरनेट सेवा होने से ऑनलाइन कक्षाएं आयोजित करवाना चुनौतीपूर्ण कार्य होगा। युवा सेवा और खेल मंत्रालय के अनुसार लगभग 400 जिला चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा।इसके अलावा उन्होंने सभी सदस्यों को अवगत कराया कि अक्टूबर से दिसंबर के बीच राष्ट्रीय चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। एसोसिएशन की अध्यक्ष ने कहा कि ऑनलाइन राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 25 मई से 29 मई तक आयोजित की जाएगी। ऑल महाराष्ट्र वुशू एसोसिएशन ने 28 अप्रैल से ऑनलाइन स्टेट चैंपियनशिप का आयोजन किया है। वुशू एसोसिएशन ऑफ इंडिया और भारतीय खेल प्राधिकरण पहले ही विस्तृत रूप से कोच विकास कार्यक्रम पर ऑनलाइन कार्यशाला शुरू कर चुके हैं। भारत के राष्ट्रीय मुख्य कोच कुलदीप हांडू ने उद्घाटन पर परिचयात्मक भाषण दिया।