- वयस्कों से 80, 12 साल से कम आयु के बच्चों और दिव्यांगों का 40 रुपये टिकट
- बाइक पार्किंग 25 और कार के 40 रुपये शुल्क
- वंडरलैंड पार्क में छह अगस्त से अब तक 54 हजार लोग पहुंचे
अंकित कुमार मिश्र
जम्मू। तवी वंडरलैंड पार्क में परिवार के साथ मनोरंजन करने पहुंच रहे लोगों की जेब पर टिकट के साथ पार्किंग शुल्क का भी बोझ पड़ रहा है। छह अगस्त को शुरू हुए पार्क में अब तक करीब 54 हजार लोग पहुंच चुके हैं। पार्क में वयस्कों के लिए 80 रुपये और 12 साल से कम उम्र के बच्चों व दिव्यांगों के लिए 40 रुपये टिकट निर्धारित है। बाइक पार्किंग के 25 और चार पहिया वाहन के 40 रुपये लिए जा रहे हैं।
परिवार के साथ पुंछ से घूमने आए वशारत हुसैन ने कहा कि चार-पांच सदस्यों के परिवार के लिए प्रवेश टिकट और पार्किंग मिलाकर खर्च बढ़ जाता है। मनोरंजन स्थल होने के कारण शुल्क थोड़ा कम होना चाहिए। पठानकोट से आए हुए टाली दास आगंतुक ने कहा कि शहर की सुंदरता दिखाने के लिए पार्क अच्छा विकल्प है, लेकिन बच्चों के साथ आने पर टिकट के अलावा पार्किंग शुल्क भी देना पड़ता है। यदि पार्किंग शुल्क व टिकट में थोड़ा राहत मिले तो परिवारों के लिए सुविधा होगी। भगवती नगर निवासी श्याम लाल ने कहा कि पार्क में लोगों की अच्छी भीड़ पहुंच रही है। प्रशासन को आम लोगों की पहुंच को ध्यान में रखते हुए टिकट और पार्किंग शुल्क की समीक्षा करनी चाहिए। लोगों का कहना है कि पार्क शहर में मनोरंजन का नया केंद्र बन रहा है। ऐसे में शुल्क ऐसा होना चाहिए कि मध्यमवर्गीय परिवार भी बार-बार यहां आ सकें। आगंतुकों ने प्रबंधन से शुल्क की समीक्षा कर राहत देने की मांग की है।