जम्मू। मेयर राजेंद्र शर्मा ने शनिवार को महिला कॉलेज परेड में छात्रों को भ्रष्टाचार खत्म करने की शपथ दिलाई। ईमानदार जम्मू शानदार जम्मू नारे के साथ जन जागरण अभियान के तहत भ्रष्टाचार विरोधी अभियान को आगे बढ़ाते हुए मेयर ने परेड कॉलेज में कार्यक्रम के दौरान छात्रों से महत्वपूर्ण भूमिका निभाने को कहा। प्राचार्य प्रो. बीएस सारस्वत की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों और कर्मचारियों ने देश से राजनीतिक और अन्य प्रकार के भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए ईमानदार और समर्पित प्रयास करने का संकल्प लिया।
मेयर ने कहा कि चुनाव के दौरान जाति आधार पर उम्मीदवार का पक्ष नहीं लेना चाहिए और योग्य उम्मीदवार के साथ भेदभाव नहीं करना चाहिए। हमेशा ऐसे उम्मीदवार को वोट देना चाहिए जो शिक्षित हो और प्रशासन के कामकाज की उचित जानकारी हो। उन्होंने कहा कि लोगों को सभी मामलों में भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के प्रयास करने चाहिए। आज लगभग एक हजार सार्वजनिक सेवाएं ऑनलाइन माध्यम से दी जा रही हैं। ई-टेंडरिंग की प्रक्रिया ने विकास कार्यों की गति में क्रांति ला दी है।
आगे कहा, पीएम मोदी ने लाल किले में देश से भ्रष्टाचार को खत्म करने की घोषणा की थी और मौजूदा अभियान पीएम के समर्थन में एक छोटा सा प्रयास है। शर्मा ने भ्रष्टाचार विरोधी अभियान का समर्थन करने के लिए छात्रों और कर्मचारियों की सराहना की। छात्रों ने उत्साह व्यक्त करते कहा कि वे राजनीतिक भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए चुनाव के दौरान सच्चे उम्मीदवार को वोट देने के लिए दूसरों को भी शिक्षित करेंगे। प्राचार्य प्रो. सारस्वत ने कहा कि यह अभियान शिक्षाप्रद है और इसका प्रभाव छात्रों पर पड़ेगा।