उत्तरी कश्मीर में बांदीपोरा जिले के हाजिन के बोंखान मोहल्ला से बुधवार देर रात को अगवा युवक की आतंकियों ने हत्या कर दी। साथ ही उसका सिर काट लिया। युवक की सिर कटी लाश एक बगीचे से बरामद की गई। आतंकियों ने उसके पिता को भी अगवा किया था, लेकिन वह उनके चंगुल से बच निकला।
एक सप्ताह में यह दूसरी ऐसी घटना है, जब आतंकियों ने स्थानीय लोगों को निशाना बनाया है। पुलिस के अनुसार आतंकी हताशा के चलते इलाके में स्थानीय लोगों को निशाना बना रहे हैं। वहीं, मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने युवक का सिर काटे जाने की निंदा की है।
उन्होंने कहा कि क्रूरता का यह मार्ग राज्य के लोगों के सामाजिक लोकाचार तथा सांस्कृतिक मूल्य के खिलाफ है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई। अब्दुल गफ्फार भट के पुत्र मंजूर अहमद भट (25) की सिर कटी लाश शुक्रवार को उसके घर से कुछ दूर सेब के एक बगीचे में पड़ी मिली।
जिले के एसएसपी शेख जुल्फिकार ने बताया कि घटना के पीछे लश्कर के स्थानीय आतंकी सलीम पर्रे का हाथ है जो अपने विदेशी साथियों के साथ ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहा है। पिछले एक साल के भीतर इस इलाके में आतंकियों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है।
यही कारण है कि उन्होंने स्थानीय लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उम्मीद है कि जल्द कामयाबी हाथ लगेगी। पुलिस ने बताया कि बुधवार देर रात आतंकी अब्दुल गफ्फार के घर में दाखिल हुए।
परिवार वालों की बेरहमी से पिटाई कर गफ्फार और उसके बेटे मंजूर को अगवा कर ले गए। गफ्फार गोली लगने के बावजूद भागने में कामयाब रहा, लेकिन मंजूर को उन्होंने नहीं छोड़ा। इससे पहले भी हाजिन में ही आतंकियों ने मुंतजिर अहमद को अगवा किया था। अगले दिन उसका शव भी एक बगीचे से ही बरामद हुआ था।