पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के विंग कमांडर को छोड़े जाने के फैसले का स्वागत किया है। कहा कि यह खबर अच्छी है। हमारी लीडरशिप को भी इसकी सराहना करनी चाहिए। पुलवामा हमले को लेकर इमरान खान को कड़े कदम उठाने चाहिए।
महबूबा मुफ्ती ने गुरुवार को कहा कि वायु सेना के विंग कमांडर अभिनंदन की इमरान खान ने पार्लियामेंट से जो रिहाई की घोषणा की है वह अच्छी बात है। इससे न सिर्फ अभिनंदन के परिवार बल्कि पूरे मुल्क के लोगों ने राहत की सांस ली है। पाकिस्तान की ओर से एक शांति और सुलह का संकेत दिया गया है।
उम्मीद है कि हमारी लीडरशिप इसकी सराहना करेगी और कोशिश करेगी कि जो हालात बने हैं उसे शांत किया जाए। जिस तरह से इमरान खान ने यह कहा है कि पुलवामा हमले को लेकर जो सुबूत दिए जाएंगे उस पर वह कार्रवाई करेंगे।
उम्मीद है कि वह इस पर कड़े कदम उठाएंगे ताकि दोनों मुल्क के बीच तनाव खत्म हो जाए। क्योंकि इसका सबसे बड़ा शिकार जम्मू कश्मीर के लोग होते हैं। आज भी बार्डर पर हमारे लोग परेशानी के हालात में हैं। महबूबा ने कहा कि जितनी जल्दी यह तनाव खत्म हो जाए और अमन का माहौल बने वह अच्छा है। हमारे मुल्क के कुछ टीवी चैनल इस गुडविल को नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए।