मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि कश्मीर हिंसा की आड़ में हो रहे अपराध से सरकार सख्ती से निपटेगी। डल झील किनारे अतिक्रमण और जंगलों में वनों की कटाई की शिकायतें मिल रही हैं जिसमें ज्यादातर रसूखदार ही शामिल है। इसका कड़ा संज्ञान लेने की तैयारी है।
उन्होंने साफ किया कि हिंसा के दौरान अवाम ये न समझे कि तरक्की के प्रति सरकार का फोकस कम हुआ है। जम्मू संभाग को वे यकीन दिलाना चाहती हैं कि कश्मीर हिंसा के दौरान जम्मू की तरक्की को रुकने नहीं दिया जाएगा। महबूबा ने निर्माण परियोजनाओं में देरी के लिए लगे हाथ ब्यूरोक्रेसी को भी खरी खरी सुना डाली।
महबूबा ने कहा केंद्र से पर्याप्त फंडिंग हो रही है। इसके बावजूद यदि काम लटक रहे हैं तो इसके लिए अफसर जिम्मेदार हैं। जम्मू में इंदिरा गांधी डेंटल कालेज अस्पताल के नए ब्लॉक का उद्घाटन करने पहुंचीं महबूबा ने कहा तालीम ही कौम की तकदीर बदल सकती है।
युवाओं और बच्चों के हाथ में किताबें होनी चाहिए पत्थर नहीं। उन्हें जलसे-जुलूसों से दूर रहना चाहिए। नई पीढ़ी की असली जगह आईआईटी, इंजीनियरिंग, डाक्टरी और शिक्षण पेशे में है।