2021-22 में घुसपैठ कर जम्मू संभाग में पहुंचे थे आतंकी
लंबे समय तक शांत रहे जम्मू संभाग को फिर से अशांत करने के लिए 2021-22 में पाकिस्तान ने आतंकियों की घुसपैठ करवाई। घुसपैठ के बाद आतंकियों ने कठुआ, सांबा, उधमपुर, डोडा और किश्तवाड़ में अपना नेटवर्क सक्रिय किया। हमला करो और छिप जाओ की रणनीति अपनाई। अलग-अलग समूह बनाए। एक समूह कठुआ में हमला कर छिप जाता तो दूसरा डोडा या किश्तवाड़ में हमला करता। डोडा में आतंकियों की तलाश के लिए ऑपरेशन चलता तो आतंकी उधमपुर के बसंतगढ़ में हमला करते और छिप जाते।
कठुआ और उधमपुर में सैफुल्लाह ग्रुप पर हुआ था बड़ा एक्शन
कठुआ से लेकर किश्तवाड़ तक सक्रिय सैफुल्लाह ग्रुप के आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर कई बड़े हमले किए। सैफुल्लाह सुरक्षाबलों पर कई बड़े हमलों में शामिल रहा। 2024 में चार मुठभेड़, 2025 में तीन मुठभेड़ों में सैफुल्लाह भागने में कामयाब रहा।
23 जनवरी को कठुआ के बिलावर के जंगलों में जैश आतंकी जुबैर अहमद को सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया। जुबैर सैफुल्लाह ग्रुप का स्नाइपर था। जुबैर के ढेर होने से सैफुल्लाह को बड़ा झटका लगा। चार फरवरी को उधमपुर में हुई मुठभेड़ में जैश के दो आतंकी जुबैर निक्कू और अबू माविया को मौत के घाट उतारा। इसी दिन किश्तवाड़ के छात्रू में भी एक आतंकी मारा गया। इस मुठभेड़ से सैफुल्लाह भागने में सफल रहा लेकिन 22 फरवरी को सुरक्षाबलों ने सैफुल्लाह समेत तीन आतंकियों को ढेर कर किश्तवाड़ में सक्रिय जैश के नेटवर्क पर कड़ा प्रहार किया है।