आरएस पुरा। सोमवार को उपजिला आरएस पुरा के दो सीमांत गांवों कोरोटना और बाजे चक में लगी भीषण आग से 140 कनाल गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। तेज हवाओं के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिसे नियंत्रित करने में स्थानीय निवासियों और दमकल विभाग को घंटों संघर्ष करना पड़ा।
हादसा कोरोटना गांव में हुआ। यहां बिजली के शार्ट सर्किट से लगी आग ने 29 कनाल गेहूं की फसल को नष्ट कर दिया। प्रभावित किसानों में दयाल सिंह (8 कनाल), राकेश कुमार (8 कनाल), करतार चंद (4 कनाल), जगीर (3 कनाल), चमेल (2 कनाल) और स्वर्ण (4 कनाल) शामिल हैं।
इसी तरह बाजे चक गांव में 111 कनाल गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। प्रमुख प्रभावित किसानों में रछपाल सिंह (32 कनाल), बनारसी (44 कनाल), दीपक (8 कनाल), शंटी कुमार (13 कनाल), पंकज (6 कनाल), दलीप (3 कनाल), राकेश (2 कनाल) और बलबीर (3 कनाल) शामिल हैं।
प्रभावित किसानों ने सरकार और प्रशासन से तत्काल मुआवजे की मांग की है। स्थानीय विधायक प्रो. गारू राम भगत ने मौके पर पहुंचकर किसानों के दुख को सुना और तहसीलदार सुचेतगढ़ राहुल शर्मा को नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। विधायक ने एसडीएम आरएस पुरा से गर्मी के मौसम में दमकल सेवाओं को बढ़ाने का भी आग्रह किया।
दमकल विभाग के एसओ मदन लाल ने बताया कि चकरोइ गांव में पहले से ही एक दमकल वाहन तैनात किया गया था, ताकि आग पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सके। हालांकि, तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैली और बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ।
इस घटना ने किसानों के साल भर के परिश्रम को पलभर में बर्बाद कर दिया है। प्रशासन द्वारा त्वरित मुआवजा और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए बेहतर इंतजाम किए जाने की मांग स्थानीय लोगों द्वारा उठाई गई है।