अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रदेश में आगामी दिनों में मौसम बदलने वाला है। कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम का यह असर पांच से सात अक्तूबर तक रहेगा। इस दौरान छह अक्तूबर को सबसे ज्यादा बारिश होगी।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिलास्तर पर प्रशासनिक अधिकारियों ने विभागों को सतर्क रहने की सलाह दी है। एहतियात के तौर पर माता वैष्णो देवी यात्रा को भी रोका गया है। मौसम विभाग ने संवेदनशील इलाकों में पहाड़ी से पत्थर गिरने या भूस्खलन होने की आशंका जताई है।
इसके अलावा कश्मीर डिवीजन, चिनाब घाटी और पीरपंजाल में बर्फबारी होने की संभावना बनी हुई है। मैदानी इलाकों में गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना रहेगी। मौसम विभाग ने किसानों को पांच से सात अक्तूबर तक सभी कृषि कार्य स्थगित करने की सलाह दी है। मौसम में बदलाव का असर प्रदेश में तापमान पर पड़ा है।
न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक का अंतर आया है। प्रदेश में गुलमर्ग में सबसे कम 14.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ है। मौसम विज्ञान विभाग ने इन इलाकों में आगामी दिनों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।