- रियासी में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित
- जम्मू संभाग के आठ जिलों में आज यलो अलर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू/कुलगाम/रियासी। जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कुलगाम के कुंड इलाके में मंगलवार देर शाम तेज हवा चलने से एक पेड़ तंबू पर गिर गया। इससे एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। एक अन्य नागरिक घायल है। मृतकों की पहचान मोहम्मद शफी बोकर और उनकी बहू रेशमा बेगम के रूप में हुई है, जो रियासी के निवासी थे। डीसी अतहर आमिर खान ने अन्य अधिकारियों के साथ स्थिति का आकलन करने के लिए घटनास्थल का दौरा किया। बताया जा रहा है कि बकरवाल समुदाय का यह परिवार अस्थायी तंबू में रह रहा था।
रियासी जिले में बुधवार को भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। अचानक मूसलाधार बारिश से लोग अपने गंतव्यों तक नहीं पहुंच पाए। प्रदेश भर में बीते 24 घंटों में भारी बारिश रिकॉर्ड हुई है। जम्मू शहर में 28 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। बनिहाल, कटड़ा, बटोत, भद्रवाह, रियासी, काजीगुंड और बनिहाल में बारिश से नदी नाले उफान पर रहे। मौसम विज्ञान विभाग ने वीरवार को भी यलो अलर्ट जारी किया है। आठ जिलों जम्मू, कठुआ, सांबा, रियासी, रामबन, डोडा, उधमपुर और राजोरी में बारिश होने की संभावना है। कश्मीर संभाग में मौसम के सामान्य बने रहने की भविष्यवाणी की गई है।