- लू के थपेड़ों ने किया बेहाल, पारा दूसरे दिन भी 41 के पार, 25 मई तक राहत नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में मौसम दो रंग दिखा रहा है। एक तरफ तपती धूप के बीच रविवार को जम्मू में तापमान 41.5 डिग्री पहुंच गया। लू के थपेड़ों से हर कोई बेहाल रहा। मौसम विभाग के अनुसार 25 मई तक प्रंचड गर्मी से कोई राहत नहीं है। वहीं, कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों टंगमार्ग, गुलमर्ग में बारिश हुई। शनिवार देर रात भी घाटी के मैदानी इलाकों में बारिश होने से मौसम सुहावना बना हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार, आने वाले दिनों में जम्मू में तापमान 44 डिग्री तक जाने के आसार हैं। जम्मू के अलावा कठुआ, राजोरी, रियासी, उधमपुर में भी रविवार को दिनभर कड़ी धूप रही। हालांकि किश्तवाड़, डोडा और भद्रवाह में शाम के बाद आसमान में बादल छा गए। जानकारी के अनुसार, रविवार को जम्मू में अधिकतम तापमान 41.5 और न्यूनतम 25.7 डिग्री रहा। श्रीनगर में अधिकतम 26.3 न्यूनतम 13.8 रहा।
राहत के लिए नदी-नहरों का सहारा
रविवार को जम्मू शहर की कनाल रोड नहर में गर्मी से निजात पाने के लिए अ लोगों को जमावड़ा लगा रहा। दिनभर लोग ठंडे पानी में डुबकी लगाकर गर्मी से बचते रहे। वहीं, तवी नदी, झज्जर नदी में भी लोगों ने डुबकी लगाकर गर्मी से राहत पाई। जम्मू में कई जगहों पर बनाए गए स्वीमिंग पूल में भी भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।