खराब मौसम से कटड़ा-सांझीछत चाॅपर सेवा प्रभावित, 27 से 29 फरवरी को फिर बारिश और बर्फबारी के आसार
बर्फबारी से अनंतनाग से संगलदान के बीच रेल सेवा प्रभावित
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर/जम्मू। जम्मू कश्मीर में बुधवार को भी मौसम का मिजाज बदला रहा। प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी हुई है। कश्मीर के गांदरबल जिले के सोनमर्ग के पास हंग इलाके में हिमस्खलन से सिंध नाले का प्रवाह रुकरने से पानी श्रीनगर-लेह मार्ग पर बहने लगा जिससे वाहनों की अवाजाही को रोक दिया गया है। गुरेज में भारी बर्फबारी की चेतावनी के बाद दफ्तर बंद कर दिए गए हैं। वहीं रामबन और बनिहाल के बीच कई हिस्सों में पहाड़ों से पत्थर गिरने और भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग तीसरे दिन भी बंद रहा। हालांकि कुछ देर के लिए राजमार्ग से मलबा हटाकर रास्ते में फंसे कुछ वाहनों को निकाला गया लेकिन शेरबीबी और दूसरे हिस्सों में फिर से भूस्खलन के कारण हाईवे बंद कर दिया गया। इससे उधमपुर से लेकर रामबन तक सैकड़ों ट्रक रास्ते में फंसे हैं। बर्फबारी और पस्सियां गिरने से मुगल रोड, सिंथन-किश्तवाड़ रोड, श्रीनगर-लेह रोड और कश्मीर के साथ गुरेज और करनाह/केरन को जोड़ने वाले राजमार्ग भी बंद हो गए हैं। बुधवार दोपहर को अचानक बिगड़े मौसम के बाद माता वैष्णो देवी भवन के लिए कटड़ा-सांझीछत चापर सेवा प्रभावित रही। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 27 से 29 फरवरी को प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
जानकारी के अनुसार जम्मू-कश्मीर संभाग में भारी बर्फबारी के चलते कई संपर्क मार्गों के अवरुद्ध होने पर हरकत में आते हुए सीमा सड़क संगठन की 122 रैपिड एक्शन क्लीयरिंग टीम ने कर्मचारियों और मशीनों की मदद से सड़क से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। कश्मीर में बारामुला और अनंतनाग के बीच दोपहर बाद बर्फ हटाकर अनंतनाग से संगलदान के बीच रेल सेवा को बहाल किया गया है। बारिश के चलते कई स्थानों पर नुकसान भी हुआ है। रियासी के शादूल में एक कच्चा मकान गिर गया। प्रशासन का कहना है कि किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है। बुधवार को विश्व विख्यात गुलमर्ग सहित कई पर्वतीय क्षेत्रों पुंछ, राजोरी और पटनीटॉप में बारिश के साथ बर्फबारी दर्ज की गई।
जम्मू शहर में धूप खिली तो नगरोटा क्षेत्र में भारी बारिश और ओलावृष्टि
जम्मू के नगरोटा में कुछ हिस्सों में दोपहर बाद झमाझम बारिश और भारी ओलावृष्टि हुई। मौसम में आए बदलाव से अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से 7 से 10 डिग्री तक गिर गया है। कश्मीर के कई जिलों में रात का पारा शून्य डिग्री से नीचे चल रहा है। खराब मौसम के कारण रामबन और बनिहाल के बीच कई हिस्सों में पहाड़ों से पत्थर गिरने और भूस्खलन का सिलसिला थम नहीं रहा है। दूसरी तरफ जम्मू में दिनभर मौसम साफ रहा। यहां दिन का पारा सामान्य से गिरकर 22.0 और मंगलवार की रात का पारा 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में दिन का तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री गिरकर 6.7, पहलगाम में सामान्य से 3.4 डिग्री गिरकर 3.5 और गुलमर्ग में सामान्य से 0.9 डिग्री गिरकर 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में दिन का पारा सामान्य से 5.0 डिग्री गिरकर 7.4, बटोत में सामान्य से 7.5 डिग्री गिरकर 4.6, कटड़ा में सामान्य से 1.1 डिग्री गिरकर 18.6, भद्रवाह में सामान्य से 9.5 डिग्री गिरकर 4.2 और लेह में माइनस 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सड़कों पर फिसलन बढ़ी, लोगों को यात्रा नहीं करने की सलाह
राजोरी के दरहाल इलाके सहित पुंछ में उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ताजा हिमपात से सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है। बर्फबारी संभावित इलाकों में प्रशासन ने लोगों को आवाजाही न करने की सलाह जारी की है। उधमपुर में भी दोपहर बाद कई स्थानों पर बारिश हुई। पंचैरी, रामनगर और चिनैनी के ऊपरी इलाकों में रुक रुककर बारिश हुई। डोडा में लगातार चौथे दिन बारिश बर्फबारी जारी रही। पर्यटन स्थल पटनीटाॅप और नत्थाटाप में दूसरे दिन भी पहाड़ हिमपात से लदे रहे।
स्थान न्यूनतम तापमान
लेह माइनस 13.6
पहलगाम माइनस 1.6
कोकरनाग माइनस 3.4
गुलमर्ग माइनस 9.4
बनिहाल माइनस 0.2
बटोत माइनस 0.6
-
कहां कितनी बर्फबारी बारिश
श्रीनगर 59.8 (मिलीमीटर) 5.5 (सेंटीमीटर)
काजीगुंड 141.3 34
पहलगाम 113.8 50.4
कुपवाड़ा 97.7 7
कोकरनाग 104.2 60
गुलमर्ग 148 130
जम्मू 16.3
बनिहाल 215.2 30.5
बटोत 129 3.4
कटड़ा 40
भद्रवाह 112.9 2
कठुआ 20.4
रामबन 164.5
उधमपुर 58.4
राजोरी 67.2
पुंछ 56
सांबा 23.3
गांदरबल 54.5
बीसीजी टीकाकरण अभियान के दौरान मौजूद स्वास्थ्य अधिकारी व स्टाफ नर्स। संवाद