स्वास्थ्य सचिव डा. सैयद आबिद रशीद शाह ने बुधवार को जेकेएमएससीएल के कामकाज की समीक्षा की।
सरकारी अस्पतालों को दवाओं, आवश्यक उपकरणों की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित बनाएं
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. सैयद आबिद रशीद शाह ने सूचीबद्ध प्रयोगशालाओं की गहन समीक्षा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि घटिया दवाओं पर जीरो टॉलरेंस बर्दाश्त की जाएगी। सरकारी अस्पतालों में दवाओं और आवश्यक उपकरणों की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित बनाई जाए। सचिव ने बुधवार को नागरिक सचिवालय में एक बैठक कर जम्मू कश्मीर मेडिकल इंप्लायज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (जेकेएमएससीएल) के कामकाज की समीक्षा की।
सचिव ने जेकेएमएससीएल के प्रबंधन को मिशन मोड में काम करने और अस्पतालों में विशेष रूप से आवश्यक दवा सूची (ईडीएल) के तहत दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कठुआ में डीएंडएफसीओ की अत्याधुनिक परीक्षण प्रयोगशाला का लाभ उठाने को कहा, जिसका उद्घाटन हाल ही में प्रधानमंत्री ने जम्मू यात्रा के दौरान किया था। ड्रग्स एंड वैक्सीन मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल (डीवीडीएमएस) का 100 प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए और उन्हें डीवीडीएमएस मोबाइल ऐप के बीटा संस्करण के लॉन्च सहित इस संबंध में सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। सर्वोच्च प्राथमिकता पर राज्य कैंसर संस्थान, जम्मू के संचालन के लिए आवश्यक खरीद की सुविधा प्रदान की जाए।