अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। भारी बारिश से उफनते नाले ने वार्ड 61 बलवंत बिहार उदयवाला में तबाही मचाई। इस काॅलोनी में नाले के पानी से कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। क्षेत्र में एक स्कूल भी पानी में डूबा रहा। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जम्मू विकास प्राधिकरण की ओर से नाले की बाउंडरी वाॅल का निर्माण न करवाने से अधिक नुकसान हुआ है।
स्थानीय निवासी ऋषभ गुप्ता, देव वर्मा, रवि गुप्ता, अभिमन्यु गुप्ता, साहिल, रक्षित, अजय ने कहा कि इस साल भारी बारिश से नाले में जलस्तर बढ़ा रहा। इससे क्षेत्र के कई मकानों की नींव क्षतिग्रस्त हुई है। एक बड़े हाॅल की दीवार टूट गई। जेडीए की नाकामी की वजह से हर साल बरसात में लोगों को संपत्ति का नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि नाले की बाउंडरी वाॅल के लिए नाै करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार की गई थी, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया।