कश्मीर में ठंड प्रचंड हो गई है
- फोटो : अमर उजाला
बर्फबारी के बाद प्रदेश में अब कोहरे की मार पड़ रही है। कश्मीर में शनिवार को कई हिस्सों में घना कोहरा पड़ने से जनजीवन अस्तव्यस्त रहा। जम्मू संभाग के अधिकांश जिलों में रातभर कोहरे के बाद सुबह धूप खिली। कुछ जगहों पर हल्के बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने रविवार को जम्मू और कश्मीर दोनों संभागों में बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई है। कोहरे की वजह से श्रीनगर से उड़ानों के संचालन में भी देरी हुई।
मौसम विभाग ने रविवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मध्यम से भारी बर्फबारी के आसार हैं। इसके मद्देनजर अधिकारियों ने लोगों से सावधानी बरतने और प्रतिकूल मौसम की स्थिति के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने के लिए कहा है। जिला प्रशासन ने जनता की सहायता के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं। इस बीच कश्मीर में अधिकांश स्थानों पर रात के तापमान में सुधार हुआ है।
घाटी में सबसे ठंडा काजीगुंड
श्रीनगर में शुक्रवार रात का तापमान माइनस 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछली रात यहां तापमान माइनस 2.2 डिग्री था। वहीं, दिन का तापमान 1.2 रहा। जम्मू में अधिकत्म तापमान 23.7 डिग्री दर्ज किया गया। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान माइनस 6.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा।
कहा कितना न्यूनतम तापमान ( डिग्री सेल्सियस में)
- श्रीनगर माइनस 1.6
- जम्मू 8.7
- गुलमर्ग माइनस 2.2
- पहलगाम में माइनस 2.6
- काजीगुंड माइनस 6.6
- कोनीबल (पांपोर) माइनस 2
- कुपवाड़ा माइनस 2.2
- कोकरनाग माइनस 5.8