जम्मू। जून की शुरुआत के साथ ही जम्मू में गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। आसमान से बरस रही आग से हर कोई परेशान है। भीषण गर्मी और तपिश से जनजीवन प्रभावित है। गर्म हवाओं से दिन के साथ राते भी तपने लगी हैं।
जम्मू में शुक्रवार को दिन का तापमान 41.8 डिग्री तक पहुंच गया। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने से दिन का पारा सामान्य से 2 से 3 डिग्री ऊपर चला गया है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार आगामी दिनों में भी चढ़ते पारे से कोई राहत नहीं मिलेगी।
जम्मू में शुक्रवार दिन की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई। दिन चढ़ने के साथ गर्मी ने रंग दिखाया। दोपहर को तीखी धूप में बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था। तपिश से हर किसी के पसीने छूटे। भीषण गर्मी का बाजार पर भी असर दिख रहा है।
लोग जरूरी खरीदारी के लिए शाम को बाहर निकल रहे हैं। इसके साथ इंडोर और आउटडोर खेल गतिविधियों पर भी गर्मी दिख रही है। खासतौर पर खुले में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को अधिक पसीना बहाना पड़ रहा है। जम्मू में बीती रात का न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बनिहाल में दिन का तापमान 29.4, बटोत में 30.2, कटड़ा में 38.1 और भद्रवाह में 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में दिन का तापमान 27.3, पहलगाम में 24.4 और गुलमर्ग में 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू के साथ कश्मीर में पारे में उछाल आया है।