जम्मू। जम्मू-कश्मीर में मानसून के आखिरी पड़ाव में पारे में उछाल आया है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री ऊपर चल रहा है। जम्मू संभाग में तपिश के साथ उमस परेशान कर रही है। प्रदेश में पिछले दो हफ्ते से मौसम साफ चल रहा है और मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार आगामी दिनों में भी मौसम साफ रहेगा।
विभाग के निदेशक सोनम लोट्स के अनुसार मानसून लगभग समाप्ति पर है। इसकी औपचारिक घोषणा जल्द की जाएगी। इस साल मानसून सीजन में सामान्य से कम बारिश हुई है। जून जुलाई अधिक प्रभावित रहा है। जम्मू में शुक्रवार को दिनभर मौसम साफ रहा। यहां दिन का तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री चढ़कर 36.1 और न्यूनतम 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां दिन में आर्द्रता का प्रतिशत 71 रहने से उमस से राहत नहीं मिल रही है। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में दिन का तापमान 32.7 और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा। संभाग में बनिहाल में दिन का तापमान 30.4, बटोत में 28.7, भद्रवाह में 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीनगर में दिन का तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में गुलमर्ग न्यूनतम तापमान 8.6 और पहलगाम 8.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडे रहे।