संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। कुछ दिनों से पड़ रही कड़ाके की सर्दी से रविवार को लोगों को काफी हद तक राहत मिली है। रविवार को पूरे दिन तेज धूप खिली रही। इससे बाजार में रौनक दिखी। लोग खरीदारी करने के लिए दुकानों पर पहुंचे।
हालांकि अभी भी सर्दी पूरी तरह खत्म नहीं हुई। दिन भर धूप के साथ-साथ शीतलहर चलती रही। इससे लोगों को सर्दी का अहसास होता रहा। धूप खिलने के साथ ही तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव की स्थिति के चलते कई दिन से कोहरा छाया हुआ था। सुबह से खिली तेज धूप ने पिछले दिनों मौसम की मार से परेशान लोगों को राहत दी। शीतलहर के कारण सुबह और शाम को ठंड में बढ़ोतरी हो रही है। कस्बे में रविवार लगे बाजार में लोगों की काफी भीड़ रही और लोग संडे बाजार में खरीदारी करते हुए नजर आए। बाजार में परिवार के साथ खरीदारी करने पहुंचे अजय कुमार ने बताया कि लोहड़ी पर्व के उपरांत मौसम में बदलाव आना आरंभ हो जाता है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों कड़ाके की सर्दी से लोगों को दिक्कतों का सामना कर पड़ रहा था। रविवार को खिली धूप से लोगों को पड़ रही सर्दी से कुछ हद तक राहत मिली है। वहीं दूसरी और धूप निकलने पर किसानों को भी राहत मिली। किसान चौ. जीतराज का कहना है कि धूप निकले पर फसलों की हालत बेहतर बताया। उन्होंने कहा कि कोहरा व अधिक सर्दी खेतों में लगाई फसल व सब्जियों पर प्रभाव पड़ने पर किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा था। अगर आने वाले दिनों में इसी प्रकार धूप रही तो फसल के लिए बेहतर होगा।