सूखी सर्दी झेल रहे रियासतवासियों को थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार आगामी 21 से 23 नवंबर तक जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश के आसार हैं। इसका असर कश्मीर में 20 नवंबर से ही दिखना शुरू हो जाएगा। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ से राज्य में पिछले तीन माह से बारिश का इंतजार हो रहा है।
इस बीच न्यूनतम माइनस 9.2 डिग्री सेल्सियस के साथ कारगिल सबसे सर्द रहा। लेह में भी माइनस 8.4 डिग्री सेल्सियस के साथ कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। अगले चौबीस घंटों में राज्य के तीनों खित्तों में मौसम साफ रहेगा। बारिश की सूरत में लोगों को वायरल रोगों से राहत मिलेगी। सूखी ठंड के चलते लोग खांसी, जुकाम और बुखार से ज्यादा पीडि़त हो रहे हैं।
अस्पतालों की ओपीडी में बच्चों और बुजुर्ग मरीजों की संख्या बढ़ी है। विश्व विख्यात पर्यटक स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 4.2, काजीकुंड में माइनस 2.2, श्रीनगर में माइनस 2.5, गुलमर्ग में माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज किया गया। जम्मू में भी रात्रि का तापमान लगातार सामान्य से दो से तीन डिग्री नीचे चल रहा है। जम्मू में न्यूनतम तापमान 9.5, कटड़ा में 11.4, भद्रवाह में 4.0, बनिहाल में 7 और बटोत में 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।