भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक सत शर्मा आगामी स्थानीय निकाय व पंचायत चुनावों के लिए पार्टी का रोडमैप तैयार करने में जुटे हुए हैं।
लोकसभा, विधानसभा चुनाव के बाद लेह परिषद में शानदार जीत की हैट्रिक के बाद आगे भी पार्टी को जीत के रथ पर सवार रखना चाहते है।
उन्होंने रियासत के सियासी परिदृश्य व गठबंधन सहयोगी पीडीपी से वैचारिक मतभेदों पर अमर उजाला संवाददाता संजीव दुबे के साथ साक्षात्कार में बेबाकी से जवाब दिए। भाजपा की विचारधारा की बात हो या फिर अनुच्छेद 370 का प्रश्न तनिक भी पीडीपी के साथ गठबंधन के बाद बदलाव नहीं हुआ है।
अगर रियासत की विधानसभा में पार्टी को दो तिहाई बहुमत मिले तो अनुच्छेद 370 भी नहीं रहेगा। पीडीपी के साथ हमारा विचारधारा का मेल नहीं है। केवल विकास के एजेंडे पर गठबंधन सरकार बनाई गई है।
प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर प्राथमिकता होगी कि गठबंधन सरकार और भाजपा संगठन में बेहतर समन्वय बने ताकि सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों का लाभ जनता तक बेहतर तरीके से पहुंचे।
मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के स्वास्थ्य को देखते हुए महबूबा मुफ्ती को सीएम बनाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। रियासत में भाजपा पीडीपी गठबंधन की सरकार है। भाजपा के साथ पीडीपी ने ऐसे किसी प्रस्ताव पर चर्चा नहीं की है। जब प्रस्ताव आएगा तब पार्टी का कोर ग्रुप इस पर चर्चा करेगा।