ज्यौड़ियां। खौड़ उपजिले की कलीठ पंचायत के ढांगर गांव में दो माह से पेयजल आपूर्ति ठप है, जिस कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पानी नहीं मिलने पर गुस्साए ग्रामीणों ने जल्द समाधान नहीं होने पर जम्मू-पलांवाला मार्ग बंद करने की चेतावनी दी है।
सनद रहे की एक माह पहले 25 जुलाई को भी ग्रामीणों ने रोड जाम कर मांग को पूरा करने की मांग की थी, मगर अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय निवासी पूर्व पंच बलवान सिंह भाऊ, शाम सिंह, रामेश लाल, ममता देवी, चिंता देवी, कुलदीप सिंह और सिकंदर सिंह ने बताया कि दो माह से ट्यूबवेल से आने वाली पेयजल सप्लाई बंद है। जानकारी प्राप्त करने पर पाया कि पंपसेट खराब है, जिससे आपूर्ति बाधित हुई है। इस संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों को भी अवगत करवाया गया, लेकिन आश्वासन के सिवाए कुछ नहीं हुआ। 22 अगस्त को भी महिलाओं का एक प्रतिनिधिमंडल गुडडी देवी की अध्यक्षता में पीएचई विभाग के एईई से मिला था। बावजूद उसके आज तक पेयजल आपूर्ति को बहाल नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने विभाग को जल्द कदम नहीं उठाने पर मुख्य मार्ग जाम करने की चेतावनी दी है।
विभाग के जेई पवन कुमार ने बताया कि पंप कल लगा दिया है। स्थिति का संज्ञान लेकर पेयजल आपूर्ति को जल्द बहाल कर दिया जाएगा।